गोवटा बांध की चादर चली, श्री बाणमाता शक्तिपीठ में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

भीलवाड़ा समाचार 
आकोला (रमेश चन्द डाड) 12 अगस्त 2026 लगातार हो रही बारिश के चलते हरियाली अमावस्या पर श्री बाणमाता शक्तिपीठ संस्थान गोवटा के पास स्थित गोवटा बांध की चादर चल गई है। बांध के ओवरफ्लो होते ही आसपास का नजारा देखते ही बन रहा है। गोवटा बांध बुधवार दोपहर 3 बजे लबालब भरकर छलक गया। बांध की भराव क्षमता 27 फीट है जो पूरी होने के बाद बांध से चादर चलने लगी। जल संसाधन विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों में जलग्रहण क्षेत्र में हुई अच्छी बारिश के कारण बांध में तेजी से पानी की आवक हुई। दोपहर 3 बजे बांध का जलस्तर 27 फीट तक पहुंचते ही ओवरफ्लो शुरू हो गया। बांध छलकने की सूचना मिलते ही आसपास के गांवों में खुशी का माहौल है। किसानों के चेहरे खिल गए हैं क्योंकि इससे खरीफ की फसलों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी मिलेगा और भूजल स्तर भी ऊपर आएगा। प्रशासन ने बांध के नदी किनारे न जाने की अपील की है।

गोवटा बांध की चादर चलने से क्षेत्र में खुशी का माहौल है। किसानों के चेहरे भी खिल उठे हैं क्योंकि इससे आसपास के कुओं और खेतों में पानी की आवक बढ़ेगी। बांध से पानी की सफेद चादर गिरने की सूचना मिलते ही श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ बांध और मंदिर परिसर में उमड़ पड़ी। लोग पानी की धारा और प्राकृतिक नजारे को देखकर मंत्रमुग्ध हो गए और जमकर फोटो-वीडियो भी बनाए। मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे सुरक्षा के मद्देनजर बांध के किनारे और फिसलन वाले स्थानों पर न जाएं। साथ ही बच्चों पर विशेष ध्यान रखने को कहा गया है।